Monday, August 24, 2026

राम भजन

धियान न लागे मोरा राम 
का करूँ सोहे तोरा नाम 

गलियाँ फिरत हूँ चारों पहर अब 
तोरा नाम जपन मोरा काम 
धियान न लागे मोरा राम ...

जो सुख तोरे नाम में आवे 
इतनों कहीं कछु हूँ न सुहावे 
राम कहत है मन सन मोरा 
रकत हाड़ अरु चाम 
धियान न लागे मोरा राम ...

दुःख कछु नाहि सुख कछु नाही 
भरम है सबरे मानुस का ही 
लागी लगन अब मन को तिहारी 
तोरा मंदिर ही मोरा धाम 
धियान न लागे मोरा राम ...
 
आवत जावत खावत धावत 
करनी पर आपन पछतावत 
अनपढ़ मन बस समय गवावत 
भोर की हुई गई साम 
धियान न लागे मोरा राम ...

Saturday, August 22, 2026

अगर आईना न होता

छाता नहीं सुरूर अगर आईना न होता

चढ़ता नहीं फ़ितूर अगर आईना न होता 

सूरत न देखता न कमी देखता ख़ुदी में 

होता नहीं गुरूर अगर आईना न होता


कहने पे कोई बात कभी मेरे मुख़ालिफ़

गिनते नहीं कुसूर अगर आईना न होता 


होता नहीं रक़ीब कोई रश्क भी न होता 

होता नहीं मशूर अगर आईना न होता 


दिखता न कोई भेस बदल कर के आईने में 

सजती ही नहीं हूर 'अगर आईना न होता

Friday, August 21, 2026

क़ता

साँस दर साँस लिखा करते हैं
साँस दर साँस मिटा करते हैं
वक़्त को ज़िंदगी कि ख्वाहिश में 
मौत की किश्त अदा करते हैं

रोज़ करते हैं सराबी खुद को 
रोज़ कहते हैं वफ़ा करते हैं
भूल जाते हैं किए वादे भी
और फिर ख़ुद से गिला करते हैं 

Thursday, August 20, 2026

सब भूल गए

ढलता सूरज चिल्लाता है
रातों का हुनर सब भूल गए

गाड़ी में अकेले फिरते हैं 
छातों का हुनर सब भूल गए

गन्ना मिल में ही जाता है
दाँतों का हुनर सब भूल गए

वालिद माँ भाई ब्रो हैं अब 
नातों का हुनर सब भूल गए

लहजे भी बदेसी ज़ाहिर है
बातों का हुनर सब भूल गए

अब क्रेडिट नोट ही चलता है
खातों का हुनर सब भूल गए

हुक़्मों की ताबीरें होंगी 
हाथों का हुनर सब भूल गए

तारों की जमातों से सीखी 
सातों का हुनर सब भूल गए

Wednesday, August 19, 2026

ख़ुद गर्ज़

मैं आरज़ू मेरा अर्ज़ तुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

खामोशियाँ मैं हूँ लफ़्ज़ तुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

परवान मैं हूँ तो शम् अ' तुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

तेरा हूँ मैं मेरे भी तो तुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

मैं नाख़ुदा ज़ैर ए दस्त तुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

मैं तुझमें गुम हूँ तुम मुझमें गुम हो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो






=====================
एक और कोशिश 
=====================

मैं आरज़ू मेरा अर्ज़ तुम हो
खमोशियाँ मैं हूँ लफ़्ज़ तुम हो
हैं एक दूजे के काम आते 
मैं हूँ दवा मेरा मर्ज़ तुम हो

मैं नाख़ुदा ज़ैर ए दस्त तुम हो
मैं सिर जहाँ का तुम उसकी दुम हो 
गिला गुज़ारी ख़ता शियारी 
ना तुझसे मैं हूँ ना मुझसे तुम हो 

तेरा हूँ
मैं मेरे भी तो तुम हो
मैं तुझमें गुम हूँ तुम मुझमें गुम हो
परवान शम् अ' की तर्ह ही तो
ख़ुद गर्ज़ मैं हूँ ख़ुद गर्ज़ तुम हो

Tuesday, August 18, 2026

धोखा है

आँखों का धोखा है बस कुछ और नहीं
ऐसा क्या है तुम में जो कि बदल गया
मूँदो अपनी आँखें ख़ुद से बात करो
क्या सच में कुछ ऐसा है जो बदल गया 

धूल है बस मिट्टी की उड़ कर बादल सी
छा जाती है दिन में शाम सी लगती है
हम तुम देख के सोच के फिर ये कहते हैं 
ऐसा लगता है कि कुछ तो बदल गया

फिर मिट्टी ख़ुद मिट्टी में मिल जाती है
सिलवट सी चादर पर पड़ने लगती है
आँखें बोझिल होकर सोने लगती हैं
फिर से लगता है कि सब कुछ बदल गया

आँखों का धोखा है बस कुछ और नहीं
ऐसा क्या है तुम में जो कि बदल गया
मूँदो अपनी आँखें ख़ुद से बात करो
क्या सच में कुछ ऐसा है जो बदल गया 

वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो

और कितना काम बाक़ी है पड़ा 
वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो 

उम्र भर है कौन रह पाया खड़ा 
वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो 

कौन कितने गर्त में जाकर गड़ा 
वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो 

आज छोटा है जो वो भी था बड़ा 
वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो 

वो न जीता आख़िरी तक जो लड़ा 
वक्त के काँटे से जाकर पूछ लो

Friday, August 14, 2026

नींद

लब-ए-ख़ामोश की बातों से नींद आति नहीं 
दिल के बेचैन इशारों से नींद आति नहीं

रेत हाथों से फ़िसलती है वक़्त की तरह 
होश खोने के ख़यालों से नींद आति नहीं

वक़्त देता हो इजाज़त तो ख़ाब आते हैं 
ख़ाब आने को अभी हों तो नींद आति नहीं

बात करनी थी किसी से तो ख़ुद से ही कर ली 
ख़ुद से बातें न करूँ तो भि नींद आति नहीं

नींद आ जाए अगर लौट कर ख़यालों से
तो ख़यालों के ख़यालों से नींद आति नहीं

राह तकते ग़म ए हस्ती के शौक़ कैसे हैं
मौत ख्वाहिश है मगर दिल को नींद आति नहीं
[ग़म ए हस्ती = जीवन के दुःख, pains and worries of life]

क्या कहूँगा मैं अगर वो कहीं मिले मुझसे  
ख़ौफ़ इतना है कि सोचूँ तो नींद आति नहीं

क्या वो माज़ी है तेरा या वो दग़ा दे के गया  
कौन सी बात पे ज़ाहिर को नींद आति नहीं
[अज़र = excuse, बहाने , ज़ाहिर = my pen name]

दोऽस्ति करके वो दुश्मन का साथ देता है
वो दगाबाज़ है उसको भि नींद आति नहीं

क्यों परेशान हो ज़ाहिर कि नींद आ जाए
सबको सोने के बाद भी तो नींद आति नहीं
 

Saturday, August 8, 2026

एक दूजे के लिए

काश मिलने के इरादे कभी टलते ही नहीं
साथ हम छोड़ कभी राह बदलते ही नहीं

पर तरसने के लिए हम न जुदा होते तो
एक दूजे के लिए फिर से मचलते ही नहीं

धूप आँधी यूँ न मिलती जो कभी राहों में
बाग़ अपने कभी यूँ फूलते फलते ही नहीं

तय किया था चलो कुछ भी न कहेंगे लेकिन
दिल में ये प्यार के जज़्बात संभलते ही नहीं

राज़ दुनिया को हमारा ये बता या किसने
हम तो दिल लेके कभी घर से निकलते ही नहीं

प्यार ज़ाहिर है न होता तो सरे आम कभी
रहबरी को दिए राहों में ये जलते ही नहीं


Friday, August 7, 2026

अरमान

आज कल जाने वो क्यों छत पे टहलते ही नहीं
दिल में उनके कोई अरमान मचलते ही नहीं


हम इरादों से निकलते हैं मुलाक़ात तो हो
और बचने के इरादे वो बदलते ही नहीं

गुफ़्तगू दिल की करे कोई तो कैसे ही करे
वो तो दिल लेके कभी घर से निकलते ही नहीं

हम तो मजबूर हैं कुछ भी नहीं कहते लेकिन
आँख से प्यार के इज़हार संभलते ही नहीं

चाल शतरंज की तफ़सील से वो चलते हैं
और हम हैं कि कभी सोच के चलते ही नहीं

जो ढले हों कभी लावों की तपिश में ज़ाहिर 
वो कभी धूप की गर्मी से पिघलते ही नहीं

ये दिए दिल के हैं ऐसे तो न होंगे रोशन
ये ज़माने में लगी आग से जलते ही नहीं

Tuesday, July 14, 2026

मश्वरा

ज़िन्दगी में तेरी मेरा कोई भी काम नहीं
तेरे हाथों की लकीरों में मेरा नाम नहीं

मश्वरा किस से करूं कौन सलाहें देगा
राज़ तेरा है अभी राज़ सर ए आम नहीं

तुम संभालो न छलक जाए कहीं हाथों से
ख़ून है दिल का मिरे मय कशी का जाम नहीं

झूठ कहते हो तसल्ली मिली है दुनिया से
ये तो ज़ाहिर है तुझे आज भी आराम नहीं

तज्रुबा है मुझे ज़ाहिर किसी कि फ़िक्र नहीं
है नहीं कोई यहाँ जो कहीं बदनाम नहीं

मुझ से पूछा न करो ज़िन्दगी के हंगामे
है सराबों सा ये जीवन कोई ईनाम नहीं


Wednesday, January 14, 2026

अफ़वाही ज़िंदगी

किसको है मिला सुकूँ 

किसको है मिली ख़ुशी 

अफ़वाही है, अफ़वाही है 

अफ़वाही ज़िंदगी 


ख़ुशियों की जुस्तजू में 

हर कोई मिला दुखी 

अफ़वाही है, अफ़वाही है 

अफ़वाही ज़िंदगी 


जन्नत है काग़ज़ों पर 

काग़ज़ी है हूर भी 

अफ़वाही है, अफ़वाही है 

अफ़वाही ज़िंदगी 


जो कुछ न मिल सका है 

उसका ही क्यूँ गिला है 

ये कैसा सिलसिला है 

ये कैसी बे बसी 

अफ़वाही है, अफ़वाही है 

अफ़वाही ज़िंदगी 


पहले तो दिल लगाना 

फिर तोड़ कर दिखाना 

और दिल से मुस्कुराना 

दुनिया ये बदल चुकी 

अफ़वाही है, अफ़वाही है 

अफ़वाही ज़िंदगी 

Friday, December 19, 2025

सुर

मेरे दिल में कोई समाने लगा है

कोई ख़ाब सा फिर से छाने लगा है

तरसती हैं आँखें जिसे देखने को

वो रह रह के फिर याद आने लगा है


शबे हुस्न का एक छोटा सा मंज़र

मुझे दिन दिहाड़े सताने लगा है


मैं ये सोचता हूँ ये रिश्ता है कैसा

सनम ही मेरा दिल जलाने लगा है


बड़ी देर से नींद आई थी मुझको

ये कौन आ के मुझको उठाने लगा है

 

हवा ले के आई सनम तेरी ख़ुशबू  

जवाँ दिल ये मेरा कमाने लगा है


मुआ बेसुरा जाने क्यों ये मेरा दिल

तेरे सुर से फिर सुर मिलाने लगा है


Tuesday, November 18, 2025

नख़रे

आँखें तुम्हारी पढ़ कर हम बातें तुम्हारी कह देंगे 
लगने लगा है हम सारे नख़रे तुम्हारे सह लेंगे 

पलकें बुझाने से भी तुम मुझको भुला क्या पाओगे 
सपने तेरे चुरा कर हम आँखों में तेरी टहलेंगे 

तुम हाँ कहो या ना कहो मर्ज़ी तुम्हारी है देखो 
जो ना कहो अकेले ही हम ज़िंदगी भर रह लेंगे 

नीयत है दिल की 'ज़ाहिर' पानी सी साफ़ ओ साथी 
तुम जिस तरह से चाहोगे हम उस तरह से बह लेंगे 



============


आँखें तेरी ये पढ़ कर हम बातें तुम्हारी कह देंगे

लगने लगा है हम सारे नख़रे तुम्हारे सह लेंगे


फेरो गे मगर तुम अपनी नज़रों को हमसे है ज़ाहिर

सपनों में तेरे आकर हम आँखों में तेरी टह लेंगे


मर्ज़ी तेरी है अर्ज़ी को तू हाँ कहे या ठुकरा दे

ठुकरा भी दे तो हम भी ठोकर में तेरी रह लेंगे


नीयत है दिल की 'ज़ाहिर' पानी सी साफ़ ओ साथी

तुम जिस तरह से चाहोगे हम उस तरह से बह लेंगे



===


आँखें तेरी ये पढ़ कर हम बातें तुम्हारी कह देंगे

लगने लगा है हम सारे नख़रे तुम्हारे सह लेंगे


फेरो जो नज़र तुम अपनी गर कहीं ऐसा कुछ फिर हो

सपनों में तेरे आकर हम आँखों में तेरी टह लेंगे


मर्ज़ी तेरी है अर्ज़ी को तू हाँ कहे या ठुकरा दे

ठुकरा भी दे तो हम भी ठोकर में तेरी रह लेंगे


नीयत है दिल की 'ज़ाहिर' पानी सी साफ़ ओ साथी

तुम जिस तरह से चाहोगे हम उस तरह से बह लेंगे



Saturday, March 22, 2025

कलमकार

दिल को सुकून दे मैं वो ग़म ख़्वार ढूंढता हूँ
मिल कर के हर किसी से सरोकार ढूंढता हूँ
[ग़म ख़्वार = तसल्ली देने वाला, सरोकार = संबंध/Relation]

कोई न कोई होगा जो इल्ज़ाम लेगा 'ज़ाहिर'
अपने गुनाह का मैं गुनहगार ढूंढता हूँ

मेरे ख़याल से मैं भी नायाब ही बना हूँ
फिर भी मैं ख़ुद सा ही कोई बेज़ार ढूंढता हूँ
[नायाब = Unique, ज़ार-ज़ार = रोते-धोते, बेज़ार = sick ]

उपजाउ सी ज़मीं है ये वीरान क्यूँ पड़ी है
किसकी ज़मीन है मैं ज़मीदार ढूंढता हूँ

माक़ूल बात लगती नहीं है तुम्हारी 'ज़ाहिर'
झूठी दलील का मैं ख़रीदार ढूंढता हूँ
[माक़ूल = Reasonable, दलील = Proof]

मुमकिन नहीं है मिलना ये कहते हैं दोस्त मुझ से
मानी बदल गए हैं कि रिश्तों में ढब नहीं हैं
नाहक़ ही दोस्तों का मैं दीदार ढूंढता हूँ
[नाहक़ = Un-Reasonably]

बरसों से दिल को मेरे है तोड़ा नहीं किसी ने
फिर से तलब जगी है सो मक्कार ढूँढता हूँ
[तलब = desire]

'ज़ाहिर' है आना जाना तो होगा अकेला ही पर
इस ज़िन्दगी में फिर भी मैं संसार ढूंढता हूँ

ये क्या कि लत लगी है मुझे शेर ओ शायरी की
कहने से पहले कुछ भी मैं अशआर ढूंढता हूँ
[अशआर = एक से ज़्यादा शे'र]

सोचे से दिल कि बातें मुकम्मल नहीं हैं होती
खुद में कहीं छुपा मैं कलमकार ढूंढता हूँ
[मुकम्मल = complete]

राम भजन

धियान न लागे मोरा राम  का करूँ सोहे तोरा नाम  गलियाँ फिरत हूँ चारों पहर अब  तोरा नाम जपन मोरा काम  धियान न लागे मोरा राम ... जो सुख तोरे नाम...